सरकारी काम बना ‘रिश्वत का सौदा’: जल संसाधन विभाग का अधिकारी लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई में धराया,20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सरकारी काम बना ‘रिश्वत का सौदा’: जल संसाधन विभाग का अधिकारी लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई में धराया,20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कटनी।। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने जल संसाधन विभाग कटनी के कार्यपालन यंत्री वी.ए. सिद्दीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप कर लिया। इस सनसनीखेज कार्रवाई से न सिर्फ विभाग बल्कि पूरे कटनी जिले में हड़कंप मच गया है। काम के बदले घूस की मांग, जाल में फंसे अधिकारी
जानकारी के अनुसार, आरोपी कार्यपालन यंत्री द्वारा शिकायतकर्ता से किसी कार्य की अनुमति और योजनाओं से जुड़े काम के एवज में कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद सुनियोजित तरीके से ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
जैसे ही सिद्दीकी ने तयशुदा 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें धर दबोचा। रिश्वत की रकम तत्काल जब्त कर ली गई और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्यालय में मचा हड़कंप, कर्मचारियों में अफरा-तफरी
कार्रवाई के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की, वहीं आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।
लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है—
“शिकायत के आधार पर ट्रैप की कार्रवाई की गई है। आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ पकड़ा गया है। आगे की जांच जारी है।”