डिजिटल जनगणना की ओर बड़ा कदम कलेक्टर ने खुद भरा स्व-गणना फॉर्म, जनता से की भागीदारी की अपील

0

डिजिटल जनगणना की ओर बड़ा कदम कलेक्टर ने खुद भरा स्व-गणना फॉर्म, जनता से की भागीदारी की अपील
कटनी।। जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत शुरू हुई ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्वयं पोर्टल पर लॉगिन कर अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर एक मिसाल पेश की। कलेक्टर ने मोबाइल नंबर और कैप्चा के माध्यम से पंजीकरण करते हुए ओटीपी सत्यापन के बाद पोर्टल पर लॉगिन किया और परिवार से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी डिजिटल रूप से भरकर सबमिट की। प्रक्रिया पूर्ण होने पर उन्हें ‘H’ से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त हुई, जिसे उन्होंने सुरक्षित रखा। उन्होंने बताया कि यह आईडी आने वाले चरणों में बेहद उपयोगी साबित होगी। 1 मई से 30 मई के बीच जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए पहुंचेंगे, तब नागरिक केवल अपनी यह आईडी साझा करेंगे, जिससे पहले से दर्ज जानकारी का त्वरित सत्यापन हो सकेगा और समय की भी बचत होगी। जिले में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन स्व-गणना का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे घर बैठे ही https://se.census.gov.in⁠ पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करें, ताकि जनगणना कार्य को सरल, सटीक और तेज बनाया जा सके। जिले में जनगणना को डिजिटल स्वरूप देने की यह पहल न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करेगी, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से विकास की योजनाओं को भी नई दिशा देगी। अब जिम्मेदारी आमजन की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाकर जिले और देश के भविष्य को सशक्त बनाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed