उत्कृष्ट सेवा के लिए राज्यपाल ने किया तीन वार पुरस्कृत

0

शहडोल। प्रारंभिक शिक्षा 12वीं तक सैनिक स्कूल रीवा में एवं स्नातक व एल.एल.बी की शिक्षा जबलपुर विश्वविद्यालय से प्राप्त करने वाले शहडोल में 10 वर्ष तक नगर पालिका अध्यक्ष व कोतमा विधान सभा से विधायक रह चुके स्वर्गीय बाबूलाल उदानिया के घर जन्मे राजेश्वर उदानिया एक वरिष्ठ समाजसेवी के रूप में लोकप्रिय हैं, जिन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए मध्यप्रदेश के राज्यपाल द्वारा तीन वार राजभवन भोपाल में पुरस्कृत किया जा चुका है। इतना ही नहीं राष्ट्रपति ने एक बार रेडक्रास सचिव के रूप में श्री उदानिया को दिल्ली आमंत्रित किया था और राष्ट्रपति भवन में पूरे भारत से प्रत्येक राज्य से एक-एक जिले से आए जिला रेडक्रास सचिवों के साथ राष्ट्रपति ने चाय पी। मुन्ना भैय्या के नाम से सुविख्यात श्री उदानिया के लिए राष्ट्रपति के साथ चाय पीने का वह क्षण बहुत ही गौरवान्वित करने वाला था। राज्यपाल द्वारा राजभवन में पुरस्कृत करते समय भी श्री उदानिया ही नहीं अपितु संपूर्ण शहडोल जिले के नागरिक भी गौरवान्वित हुए थे।
हजारों विकलांगों एवं नेत्र रोगियों को किया लाभान्वित
वर्ष 1986 में जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव नियुक्त हुए राजेश्वर उदानिया ने वर्ष 1989-90 में तात्कालीन कलेक्टर धीरज माथुर के कार्यकाल में पहला विकलांग शिविर शहडोल में आयोजित किया था और फिर लगातार एक के बाद एक विकलांग शिविरों का आयोजन हुआ जिसमें हजारों विकलांगों को ट्रायसिकिल, कैलीपर्स एवं बैसाखी वितरित किया गया। इसके अलावा कटे ओंठों के आपरेशन भी रेडक्रास सचिव श्री उदानिया ने अनेक लोगों के करवाए।
लाइफ लाइन एक्सप्रेस
वर्ष 1999-2000 में जिला रेडक्रास द्वारा लाइफ लाइन एक्सप्रेस बुलवाया गया जो एक माह तक अमलाई रेलवे स्टेशन में खड़ी रही। इसमें कान, मोतियाबिन्द एवं अन्य बीमारियों के लगभग 3 हजार मरीजों को लाभ मिला। इस समय कलेक्टर पंकज अग्रवाल थे। इसी तरह श्री उदानिया के प्रयास से कलेक्टर अशोक शाह के कार्यकाल में मानस भवन शहडोल में जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा एक माह का मोतिया बिन्द ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 2100 मरीजों के मोतियाबिन्द का सफल ऑपरेशन हुए। रेडक्रास के शिविरों में राज्यपाल व्यक्तिगत रूप से आकार शामिल हुए थे।
रेडक्रास भवन का निर्माण
रेडक्रास सचिव राजेश्वर उदानिया द्वारा जिला अस्पताल परिसर में लगभग 6000 वर्ग फुट जमीन में रेडक्रास भवन का निर्माण कराकर जिला अस्पताल को सौंपा गया।
राज्य स्तरीय खेलकूद
रेडक्रास के माध्यम से श्री उदानिया ने जहां एक ओर कलेक्टर टी. धर्माराव एवं कलेक्टर सूर्य प्रताप सिंह के साथ साक्षरता अभियान में बच्चों के लिए पढऩे का वातावरण तैयार करने का प्रशंसनीय कार्य किया, वहीं दूसरी ओर राजेन्द्र क्लब सचिव रहते हुए खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये राज्य स्तरीय टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया। इस टूर्नामेंट में प्रदेश के सभी सीनियर व जूनियर खिलाडिय़ों ने भाग लिया। लगभग हर वर्ष संभागीय बैडमिंटन, टेबिल, टेनिस व स्नूकर बिलियर्ड टूर्नामेंट का आयोजन भी श्री उदानिया कराते रहे हैं।
18 देशों का भ्रमण
टेनिस खेलना एवं विदेश पर्यटन के शौकीन मुन्ना भैय्या 18 देशों का भ्रमण कर चुके हैं। राजनीति में भी आपकी रूचि है। वर्तमान में आप भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के सह संयोजक श्री उदानिया राम मंदिर निर्माण हेतु जनसंपर्क अभियान में व्यस्त हैं। कैंसर एवं अन्य गंभीर पीडि़तों को व्यक्तिगत रूप से अनेक बार आर्थिक सहायता कर चुके मुन्ना भैय्या ने कोरोना काल में लगभग डेढ़ से दो सौ लोगों को 10 दिन का राशन वितरण किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!