वन भूमि से हटाए गए परिवारों के पुनर्वास की मांग, ग्राम पंचायत कोरजा ने एसडीएम को सौंपा पत्र
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्राम पंचायत कोरजा के सरपंच कमलेश कुमार रौतल ने पेंड्रारोड अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर वन भूमि से हटाए गए भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास एवं शासकीय आवासीय भूमि आवंटन की मांग की है।
सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि हाल ही में वन विभाग द्वारा वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई परिवारों को वहां से हटाया गया। इनमें अनेक गरीब एवं भूमिहीन परिवार शामिल हैं, जिनके पास रहने के लिए कोई अन्य भूमि या स्थायी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
ग्राम पंचायत ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि प्रभावित परिवारों के सामने आवास एवं जीवन-यापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पंचायत ने मांग की है कि ऐसे जरूरतमंद परिवारों का सर्वे कर शासन की नियमानुसार शासकीय आवासीय भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें स्थायी पुनर्वास मिल सके।
सरपंच कमलेश कुमार रौतल ने प्रशासन से मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करने की अपील की है।