उद्यमियों के हितों के लिए लघु उद्योग भारती सक्रिय, स्थापना दिवस पर हुआ कार्यक्रम
शहडोल। लघु उद्योग भारती के स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के उद्देश्यों और गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उद्यमियों के हितों की सुरक्षा और उद्योग क्षेत्र के विकास को लेकर विचार साझा किए गए।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि लघु उद्योग भारती की स्थापना वर्ष 1994 में “उद्योग हित में ही राष्ट्र हित” के मूल मंत्र के साथ की गई थी। संगठन का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सहयोग प्रदान करना और उद्यमियों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि शहडोल में शाखा स्थापित होने के बाद से उद्यमियों के हित में कई पहल की गई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन केवल उद्योगपतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योगों में कार्यरत मजदूरों और उनके परिवारों के कल्याण पर भी विशेष ध्यान देता है। जिले के उद्योग जगत को मजबूत बनाना और उद्यमियों को हर संभव सहयोग देना संगठन की प्राथमिकता है।
महिला उद्यमिता को मिल रहा बढ़ावा
कार्यक्रम में रविंद्र गुप्ता ने लघु उद्योग भारती की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कार्य कर रहा है। जिला स्तर पर महिला इकाइयों के माध्यम से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि देश के 400 से अधिक जिलों में सक्रिय यह संगठन नीतिगत मुद्दों पर सरकार के साथ संवाद स्थापित करने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण, खनन और अन्य औद्योगिक समस्याओं के समाधान के लिए भी कार्य करता है।
कार्यक्रम में सुशील खोडियार, सुनील अग्रवाल, डॉ. संजय श्रीवास्तव, विनोद शर्मा, संजय तिवारी, नितिन बड़ेरिया, संजय कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।