बैंक एजेंसी से लाखों की चोरी, CCTV और साइबर ट्रैकिंग से आरोपी धराया,नकदी पर हाथ साफ भागने की कोशिश नाकाम,12 लाख 51 हजार बरामद
बैंक एजेंसी से लाखों की चोरी, CCTV और साइबर ट्रैकिंग से आरोपी धराया,नकदी पर हाथ साफ भागने की कोशिश नाकाम,12 लाख 51 हजार बरामद
कटनी।। शहर में बैंक एजेंसी से लाखों रुपये की नगदी चोरी का मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस की तत्परता और हाईटेक जांच के चलते चंद घंटों में ही इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया गया। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 लाख 51 हजार 995 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना माधवनगर क्षेत्र स्थित कैरन लाइन निवासी अमित जैसवानी अपने घर से फिनो पेमेंट बैंक डिस्ट्रीब्यूटर एजेंसी संचालित करते हैं। वे माइक्रो फाइनेंस एजेंटों से नगदी लेकर विभिन्न कंपनियों के पोर्टल सीएमएस सर्विस के माध्यम से जमा कराने का कार्य करते हैं। वित्तीय वर्ष समाप्ति और बैंक अवकाश के चलते उनके पास लगभग 13 लाख रुपये नगद रखे हुए थे, जिन्हें अज्ञात व्यक्ति चोरी कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के जिलों को अलर्ट किया। माधवनगर थाने में अपराध क्रमांक 300/2026 धारा 331(4), 305 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की गई।
जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी दोपहिया वाहन से जबलपुर दिशा की ओर भाग रहा है। इस पर स्लीमनाबाद और सिहोरा थाना पुलिस को सूचना देकर घेराबंदी कराई गई, जहां संयुक्त कार्रवाई में आरोपी मगन यादव उर्फ राजवीर (46), निवासी कुठला, जिला कटनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई राशि में से 12.51 लाख रुपये नगद, वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे, उप निरीक्षक योगेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक अजीत बागरी, भूवनेश्वर बागरी, आरक्षक लोकेन्द्र, नवीन शुक्ला, महिला आरक्षक आरती सहित स्लीमनाबाद और सिहोरा पुलिस की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित और तकनीकी कार्रवाई से एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश हुआ है, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ