ट्रैफिक पाठशाला में नन्हे मुसाफिरों ने सीखे सुरक्षा के गुण
ट्रैफिक पाठशाला में नन्हे मुसाफिरों ने सीखे सुरक्षा के गुण
कटनी।। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से लाइम सिटी इंटरनेशनल स्कूल, झिंझरी के छात्र-छात्राओं ने यातायात थाना का शैक्षणिक भ्रमण किया।
इस दौरान बच्चों ने थाने में नवनिर्मित ट्रैफिक पाठशाला एवं सिम्युलेटर कक्ष का अवलोकन किया। सिम्युलेटर के माध्यम से बच्चों ने बिना सड़क पर उतरे सुरक्षित वातावरण में वाहन चलाने का वर्चुअल अनुभव प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने यातायात संकेतों और सड़क की भाषा को भी सरल तरीके से समझा। यातायात थाना प्रभारी राहुल पाण्डेय ने प्रोजेक्टर के माध्यम से खेल-खेल में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी, जिससे सीखना रोचक और प्रभावी बन गया। भ्रमण के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने अपनी जिज्ञासाएं खुलकर साझा कीं, जिनका श्री पाण्डेय ने सहज और आत्मीय अंदाज में समाधान किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रारंभ से ही यातायात नियमों के प्रति समझ विकसित करना, उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना तथा भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।