साहस और सेवा को सलाम: अग्निशमन सेवा दिवस पर 66 शहीद दमकल कर्मियों को श्रद्धांजलि, नागरिकों को दिया अग्नि सुरक्षा का संदेश, जागरूकता रैली आयोजित
साहस और सेवा को सलाम: अग्निशमन सेवा दिवस पर 66 शहीद दमकल कर्मियों को श्रद्धांजलि, नागरिकों को दिया अग्नि सुरक्षा का संदेश, जागरूकता रैली आयोजित
कटनी।। नगर पालिक निगम के सिविल लाइन स्थित अग्निशमन कार्यालय में आज अग्निशमन सेवा दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वर्ष 1944 में मुंबई डॉकयार्ड विस्फोट में शहीद हुए 66 दमकल कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में पार्षद अवकाश जायसवाल, मौसुफ अहमद बिट्टू सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के जवान उपस्थित रहे। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि अग्निशमन कर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक रहें। साथ ही, अग्निशमन विभाग को आधुनिक संसाधनों से सुदृढ़ करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत अग्नि सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु तीन फायर ब्रिगेड वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और नागरिकों को आग से बचाव, विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग एवं आपात स्थिति में त्वरित सूचना देने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। इस दौरान अग्निशमन दल के कर्मियों द्वारा अग्निशमन गीत की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।
उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1944 में मुंबई तत्कालीन बॉम्बे में एसएस फोर्ट स्टिकाइन जहाज पर हुए भीषण विस्फोट की स्मृति में मनाया जाता है, जिसमें 66 दमकल कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। कार्यक्रम में सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, फायर निरीक्षक शैलेन्द्र दुबे सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।