डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर श्रद्धा और सम्मान का संगम नगर निगम ऑडिटोरियम में आज होगा जिला स्तरीय आयोजन
डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर श्रद्धा और सम्मान का संगम
नगर निगम ऑडिटोरियम में आज होगा जिला स्तरीय आयोजन
कटनी।। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आज मंगलवार 14 अप्रैल को नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड कटनी में शाम 4 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को नोडल अधिकारी तथा अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिम्मेदारियाँ दी गई हैं, जो आपसी समन्वय से कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य चित्रा प्रभात द्वारा भारत के संविधान की प्रस्तावना के वाचन से होगी। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया जाएगा।