मैगी प्वाइंट बना नशामुक्ति के राष्ट्रीय संदेश का गवाह, कटनी में नेशनल मोटरसाइकिल रैली का स्वागत फाइट अगेंस्ट ड्रग्स थीम के साथ नॉर्थ ईस्ट से गुजरात तक निकली राष्ट्रीय रैली, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात में होगा समापन

0

मैगी प्वाइंट बना नशामुक्ति के राष्ट्रीय संदेश का गवाह, कटनी में नेशनल मोटरसाइकिल रैली का स्वागत
फाइट अगेंस्ट ड्रग्स थीम के साथ नॉर्थ ईस्ट से गुजरात तक निकली राष्ट्रीय रैली, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात में होगा समापन
कटनी। नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली गई नेशनल मोटरसाइकिल रैली-2026 का कटनी पहुंचने पर बाईपास स्थित मैगी प्वाइंट पर स्वागत किया गया। ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ की थीम पर निकली यह राष्ट्रीय रैली देश के विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है।
5 अक्टूबर से शुरू हुई यह रैली 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। नॉर्थ ईस्ट से प्रारंभ हुई रैली का समापन गुजरात में होगा। रैली में शामिल पुलिसकर्मी देशभर में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

आठ पूर्वोत्तर राज्यों के पुलिसकर्मी रैली में शामिल
राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में मणिपुर, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम के पुलिसकर्मी शामिल हैं। रैली का उद्देश्य केवल विभिन्न राज्यों के बीच संपर्क स्थापित करना ही नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक व्यापक राष्ट्रीय जनजागरण अभियान को गति देना भी है। रैली के दौरान मार्ग में पड़ने वाले स्कूलों और महाविद्यालयों में पुलिसकर्मियों द्वारा विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मैगी प्वाइंट पर हुआ स्वागत
कटनी में पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेश द्विवेदी के निर्देशन में बाईपास स्थित मैगी प्वाइंट पर रैली का स्वागत किया गया। इस अवसर पर आरआई त्रिपाठी, आरआई सोनम उइके, झिंझरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक शशि भूषण सिंह, सहायक उप निरीक्षक सतीश भगत तथा आरक्षक चंद्रकमल उपस्थित रहे।

सरदार पटेल की जयंती पर गुजरात में होगा समापन
रैली का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात में प्रस्तावित है। इस दौरान देशभर के पुलिसकर्मियों की सहभागिता के माध्यम से नशामुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। मैगी प्वाइंट पर हुआ स्वागत इस राष्ट्रीय अभियान की कटनी में महत्वपूर्ण कड़ी बना, जहां से ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ का संदेश आगे बढ़ाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed