नगर निगम की अब तक की सबसे बड़ी सीलिंग कार्रवाई: 1.59 करोड़ की बकाया राशि पर जंक्शन बीयर बार सीलबंद रेलवे स्टेशन स्थित ईश्वरकृपा कॉम्प्लेक्स पर निगम का कड़ा एक्शन, आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर चली कार्रवाई; चेतावनी–बिना अनुमति सील तोड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई

0

नगर निगम की अब तक की सबसे बड़ी सीलिंग कार्रवाई: 1.59 करोड़ की बकाया राशि पर जंक्शन बीयर बार सीलबंद
रेलवे स्टेशन स्थित ईश्वरकृपा कॉम्प्लेक्स पर निगम का कड़ा एक्शन, आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर चली कार्रवाई; चेतावनी–बिना अनुमति सील तोड़ी तो होगी कानूनी कार्रवाई
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी ने बकाया राजस्व की वसूली को लेकर अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के समीप स्थित ईश्वरकृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित जंक्शन बीयर बार को सीलबंद कर दिया। संस्थान पर ₹1,59,28,641 (एक करोड़ उनसठ लाख अट्ठाईस हजार छह सौ इकतालीस रुपये) की भारी-भरकम बकाया राशि होने और निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर की गई।
नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में बकाया राजस्व वसूली के सबसे बड़े मामलों में से एक माना जा रहा है। लंबे समय से लंबित देनदारी के बाद निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब बड़े बकायेदारों के विरुद्ध भी बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
30 दिन की मोहलत के बाद निगम ने दिखाए सख्त तेवर
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, मध्य प्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 174 के तहत संबंधित पक्ष को मांग सूचना पत्र विधिवत तामील कराया गया था। नियमानुसार 30 दिन की अवधि पूरी होने के बावजूद जब बकाया राशि जमा नहीं कराई गई, तब निगम ने अगली वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 175(1) के अंतर्गत वारंट जारी किया।
इसके बाद 27 जुलाई 2026 को रेलवे स्टेशन स्थित ईश्वरकृपा कॉम्प्लेक्स में संचालित जंक्शन बीयर बार, जो नर्बदा कॉन-टेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित है, उसे सीलबंद कर दिया गया।
1.59 करोड़ से अधिक की बकाया देनदारी
नगर निगम के आदेश क्रमांक 1639/रा.वि./बा.शा./2026 दिनांक 24 जुलाई 2026 के अनुसार संबंधित संस्थान पर कुल ₹1,59,28,641 की राशि कर एवं अन्य देय मदों के रूप में बकाया है। इतनी बड़ी राशि जमा न होने के कारण निगम ने परिसर को सील करने का निर्णय लिया।
बिना अनुमति सील तोड़ी तो होगी सख्त कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम अनुमति के यदि किसी ने सील तोड़ने, ताला खोलने अथवा परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि संपूर्ण बकाया राशि जमा होने के बाद ही आगे की राहत पर विचार किया जाएगा।
बड़े बकायेदारों के लिए सख्त संदेश
नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर के अन्य बड़े बकायेदारों के लिए भी एक स्पष्ट चेतावनी माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि राजस्व वसूली नगर निगम की प्राथमिकता है और सार्वजनिक धन की वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत आने वाले दिनों में अन्य बड़े बकायेदारों के विरुद्ध भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
नगर निगम की यह कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे कटनी नगर निगम द्वारा अब तक की सबसे बड़ी सीलिंग एवं राजस्व वसूली संबंधी कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!