KDC में गूंजा देशभक्ति का रणघोष NCC कैडेट्स ने दिखाया दम, फायरिंग प्रदर्शन ने जगाया सैन्य जज़्बा
KDC में गूंजा देशभक्ति का रणघोष NCC कैडेट्स ने दिखाया दम, फायरिंग प्रदर्शन ने जगाया सैन्य जज़्बा
कटनी।। राष्ट्रसेवा और सुरक्षा के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में नगर के प्रतिष्ठित केडीसी सिलिकॉबाइट कटनी डिग्री कॉलेज में एनसीसी एमपी 32 बटालियन का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संचालित हो रहा है। कर्नल राजवेलु एवं लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद सिंह के कुशल नेतृत्व में यह शिविर युवाओं के भीतर देशभक्ति, साहस और नेतृत्व क्षमता का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा है।
जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 539 एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स कैडेट्स इस शिविर में भाग लेकर सैन्य जीवन के मूल तत्वों अनुशासन, समर्पण और त्याग को न केवल सीख रहे हैं, बल्कि उसे व्यवहार में भी उतार रहे हैं।
इसी कड़ी में सैनिक ग्राउंड में सायं 4:30 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित फायरिंग प्रदर्शन ने पूरे वातावरण को जोश और गर्व से भर दिया। कैडेट्स ने अत्यंत एकाग्रता, सटीकता और आत्मविश्वास के साथ निशानेबाजी का प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया कि देश की सुरक्षा के लिए नई पीढ़ी पूरी तरह तैयार है। हर एक निशाना मानो यह संदेश दे रहा था कि भारत की सीमाएं सुरक्षित हाथों में हैं।
इस भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को सफल बनाने में कटनी डिग्री कॉलेज के प्रमुख शिक्षा रत्न पारस जैन, कॉलेज प्रबंधन सोमन मैलया सहित संपूर्ण महाविद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा। उनकी दूरदृष्टि, समर्पण और व्यवस्थापन क्षमता ने इस प्रशिक्षण शिविर को एक आदर्श आयोजन का रूप प्रदान किया है। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा एवं सैन्य जीवन की व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र रक्षा के लिए सशक्त और सजग नागरिक बन सकें। आयोजित ऐसे प्रशिक्षण शिविर केवल अभ्यास नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं। एनसीसी के ये कैडेट्स आने वाले समय में देश की सुरक्षा, सेवा और सम्मान के सच्चे प्रहरी बनकर उभरेंगेयही विश्वास और गर्व नगर की धरती पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।