न्याय पर सवाल, नारी सुरक्षा पर खतरा कुलदीप सेंगर को जमानत के विरोध में महिला कांग्रेस का हल्ला बोल

0

न्याय पर सवाल, नारी सुरक्षा पर खतरा कुलदीप सेंगर को जमानत के विरोध में महिला कांग्रेस का हल्ला बोल
कटनी।। शहर महिला कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में मिली जमानत के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए हल्ला बोल कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान शहर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव रजनी वर्मा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस नेत्रियों ने राज्यपाल के नाम डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महिला कांग्रेस नेत्रियों ने कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर वर्ष 2017 के चर्चित उन्नाव रेप कांड का मुख्य आरोपी है, जिसमें नाबालिग पीड़िता के साथ सामूहिक बलात्कार जैसा जघन्य अपराध हुआ था। इतना ही नहीं, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे उसके परिजनों की हत्या तक कराई गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। उस समय न्यायालय द्वारा आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, जिसे महिला कांग्रेस ने देश की न्याय व्यवस्था के लिए उचित और सराहनीय बताया।
महिला कांग्रेस ने कहा कि अब दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा यह कहकर पॉक्सो एक्ट के तहत जमानत दिया जाना कि पीड़िता के परिवार की सुरक्षा के लिए आरोपी को जेल में रखना आवश्यक नहीं है, कहीं से भी न्यायोचित नहीं है। यह निर्णय न्यायपालिका की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। महिला कांग्रेस का कहना है कि देश की महिलाएं और बेटियां न्याय की उम्मीद में न्यायालय की ओर देखती हैं, लेकिन यदि बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों के दोषियों को इस प्रकार जमानत पर रिहा किया जाएगा तो अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो जाएगा।
नेत्रियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे फैसले महिलाओं पर अत्याचार करने वाली आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं और समाज में असुरक्षा की भावना को और गहरा करते हैं। भाजपा के पूर्व विधायक को जमानत देकर महिलाओं की सुरक्षा और न्याय प्रणाली पर महिलाओं का विश्वास कमजोर किया जा रहा है।
महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि बलात्कार और हत्या जैसे संगीन अपराधों के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली जमानत को तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि देश की बेटियों और महिलाओं को यह संदेश जाए कि कानून उनके साथ है और अपराधियों को किसी भी हाल में संरक्षण नहीं मिलेगा। इस विरोध कार्यक्रम में ग्रामीण महिला जिला अध्यक्ष माधुरी जैन, शहर कार्यवाहक अध्यक्ष राजा जगवानी, ब्लॉक अध्यक्ष जीतू गुप्ता, जिला महिला उपाध्यक्ष अदिता वर्मा, मंजू निषाद, कल्पना पाठक, कांति चौबे, शशि प्रभा यादव, माया चौधरी, रूपा पाठक, दुर्गावती कोल, भावना मिश्रा, रतन यादव, गीता निषाद, नजमा बी, सुमन लता, अंगूरी निषाद, अजय कोल गोटिया, संजय गुप्ता, नारायण निषाद, मंगल सिंह, हर्ष सेन, ब्रजेश मौर्य, अमर, हर्षित, आदिल मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक महिलाओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका यह संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!