सेवा दिवस के रूप में मनाया गया राहुल गांधी का जन्मदिवस एनएसयूआई द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, महिला कांग्रेस ने वृद्ध आश्रम में बांटे फल एवं स्वल्पाहार
सेवा दिवस के रूप में मनाया गया राहुल गांधी का जन्मदिवस
एनएसयूआई द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, महिला कांग्रेस ने वृद्ध आश्रम में बांटे फल एवं स्वल्पाहार
कटनी।। देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर एनएसयूआई एवं महिला कांग्रेस द्वारा विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन कर इसे सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, वहीं वृद्ध आश्रम में फल एवं स्वल्पाहार वितरित कर बुजुर्गों के बीच जन्मदिवस मनाया गया।
जिला एनएसयूआई अध्यक्ष शुभम मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर में एनएसयूआई द्वारा राहुल गांधी के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला और कटनी में भी बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर इस आयोजन में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर मिठाई भी वितरित की गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाते रहे हैं। नीट परीक्षा, रोजगार और अन्य जनहित के विषयों पर उनकी सक्रिय भूमिका युवाओं को प्रेरित करती है।
वहीं महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया ने बताया कि महिला कांग्रेस द्वारा बच्चन नायक वृद्ध आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को फल एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया तथा केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई। उन्होंने कहा कि महंगाई एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राहुल गांधी लगातार अपनी आवाज़ उठाते रहे हैं और इसी भावना के साथ सेवा कार्यों के माध्यम से उनका जन्मदिवस मनाया गया।
कार्यक्रम द्वय में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह,प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु,वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडेय,पूर्व पार्षद राहुल पटेरिया,एनएसयूआई प्रदेश सचिव अजय खटिक,मुंडवारा विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग,ब्लॉक अध्यक्ष यश यादव,दिग्विजय सिंह,रवींद्र कुदराहा,मीनाक्षी बलवी,रश्मि अग्रवाल,नीरा सोनी,मनीषा सोलंकी,शशांक कछवाहा,शिवेंद्र सिंह,यदुवेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।