रेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर रेलवे मजदूर कांग्रेस की जनसंपर्क यात्रा, मौहरी स्टेशन का किया दौरा
अनूपपुर। रेल कर्मचारियों की समस्याओं को जानने और उनके त्वरित निराकरण की दिशा में साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस, शाखा अनूपपुर द्वारा शनिवार को मौहरी रेलवे स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनी में जनसंपर्क यात्रा आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने रेल कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाने का भरोसा दिलाया।
रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के महामंत्री पीतांबर लक्ष्मी नारायण एवं मंडल समन्वयक के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत संगठन लगातार रेलवे कॉलोनियों और स्टेशनों का भ्रमण कर कर्मचारियों की आवास, वेतन तथा कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं का संकलन कर रहा है। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नॉन पेमेंट मीटिंग, इंफॉर्मल मीटिंग और पीएनएम बैठकों के माध्यम से रेलवे प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला रखा जाता है।
जनसंपर्क यात्रा के दौरान कर्मचारियों ने कई महत्वपूर्ण मांगें संगठन के समक्ष रखीं। इनमें मौहरी, हरद एवं ध्रुवासिन स्टेशनों पर ट्रैक मेंटेनर स्टाफ के लिए स्थायी स्टोर एवं लंच रूम का निर्माण, मौहरी रेलवे कॉलोनी में सड़क निर्माण, हरद रेलवे कॉलोनी के जर्जर आवासों के दरवाजे एवं खिड़कियों का प्रतिस्थापन, नालियों का निर्माण तथा जोनल वर्क के माध्यम से रेलवे आवासों की मरम्मत प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम में रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष एवं सीआईसी प्रभारी लक्ष्मण राव, अनूपपुर शाखा सचिव जयंतोदास गुप्ता, उपाध्यक्ष रामदास राठौर, ब्रांच काउंसिल सदस्य संतोष पटेल, मुख्य स्टेशन अधीक्षक मौहरी घनश्याम मीणा सहित डीटीएम-01 एवं डीटीएम-02 के ट्रैक मेंटेनर स्टाफ तथा ऑपरेटिंग, इंजीनियरिंग और सिग्नल विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि रेल कर्मचारियों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए रेलवे मजदूर कांग्रेस लगातार संघर्षरत है और भविष्य में भी ऐसे जनसंपर्क अभियान जारी रहेंगे, ताकि कर्मचारियों की आवाज रेलवे प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।