कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखे समस्याओं का समाधान,आवेदन लेकर फाइलों में न दबाएं शिकायतें, नागरिकों को दें वास्तविक राहत….जनसुनवाई में अधिकारियों को महापौर की दो टूक…..
कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखे समस्याओं का समाधान,आवेदन लेकर फाइलों में न दबाएं शिकायतें, नागरिकों को दें वास्तविक राहत….जनसुनवाई में अधिकारियों को महापौर की दो टूक…..
कटनी। नगर निगम की साप्ताहिक जनसुनवाई में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का निराकरण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका स्थायी समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए, ताकि आवेदकों को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई की सार्थकता तभी है, जब शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई हो और उसका लाभ संबंधित नागरिक तक पहुंचे।
27 अक्टूबर को नगर पालिक निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महापौर ने पेयजल, ड्रेनेज, लोक निर्माण एवं आवास योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और आवेदनों पर एक-एक कर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए। वहीं, जिन मामलों में विस्तृत कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।
महापौर ने पिछली जनसुनवाई में प्राप्त लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से प्रत्येक आवेदन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई और उसकी वर्तमान स्थिति से अवगत कराया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। महापौर ने कहा कि नगर निगम के प्रत्येक कार्य में नागरिकों की सुविधा और जनहित को प्राथमिकता दी जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, शाखा प्रभारी एवं तकनीकी अमला उपस्थित रहा।