शिक्षा परिसरों के आसपास नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई, ओवरलोड और बिना नंबर वाहनों पर भी चलेगा अभियान
शिक्षा परिसरों के आसपास नशे के अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई, ओवरलोड और बिना नंबर वाहनों पर भी चलेगा अभियान
कटनी।। जिले में नशे के अवैध कारोबार और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब और सख्त रुख अपनाने जा रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शिक्षा परिसरों के आसपास नशे की बिक्री पर विशेष अभियान चलाने और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, यातायात निरीक्षक अनूप सिंह, आरटीओ संतोष पाल, उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने पुलिस, आरटीओ और खनिज विभाग की संयुक्त टीम बनाकर ओवरलोड वाहनों, स्कूल बसों तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू, गांजा, स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में सड़क सुरक्षा के लिए शहर के सभी स्पीड ब्रेकरों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टिव मार्किंग, प्रमुख चौराहों एवं ब्लैक स्पॉट पर गाइड साइन बोर्ड और स्टॉप लाइन बनाने के निर्देश दिए गए। लखापतेरी और कश्यप ढाबा ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पीर बाबा बायपास और सुर्खी टैंक बस स्टैंड क्षेत्र में ले-बाय रोड विकसित करने, निर्माण कार्यों के कारण बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा चांडक चौक को आधुनिक रोटरी के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई, लाइसेंस निरस्तीकरण योग्य मामलों का डेटा तैयार करने तथा भारी वाहनों की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए रैंडम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। ओवरस्पीड भारी वाहनों में जीपीएस अनिवार्य कराने, मंझगवा–बरही–बड़वारा मार्ग पर अवैध पार्किंग हटाने तथा केलवारा अंडरब्रिज से भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के लिए रेलवे से समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए संचालकों को प्रेरित करने और शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर चार ओवरस्पीड डिटेक्शन कैमरे स्थापित करने हेतु बजट प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
एनकॉर्ड समिति की बैठक में कलेक्टर ने स्कूल-कॉलेजों के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों पर बिकने वाली नशीली दवाइयों जैसे नाइट्रावेट, अल्प्राजोलम और कफ सिरप की संयुक्त जांच के लिए पुलिस एवं ड्रग इंस्पेक्टर को अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही नार्कोटिक्स संबंधी सूचना के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी कर सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
बैठक में शिक्षा विभाग को सभी बाउंड्रीवाल युक्त स्कूल परिसरों में व्यापक पौधारोपण कराने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि नशे के नेटवर्क से जुड़े गिरोहों के विरुद्ध अब तक 17 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और “नशे से दूरी है जरूरी” जैसे जनजागरूकता अभियान भी व्यापक स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं।