विजयराघवगढ़ के तीन छात्रों ने 10वीं बोर्ड मेरिट में बनाई जगह विधायक संजय पाठक ने फोन पर दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
विजयराघवगढ़ के तीन छात्रों ने 10वीं बोर्ड मेरिट में बनाई जगह
विधायक संजय पाठक ने फोन पर दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
कटनी।। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तीन छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रवीण सूची में स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
प्रवीण सूची में स्थान बनाने वालों में किड्स वे अकादमी, बरही के आदित्य तिवारी पिता मनोज तिवारी ने 493/500 अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया। वहीं सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरही के सौरभ सिंह मार्को पिता प्रताप सिंह मार्को ने 492/500 अंक के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार ग्राम हरैया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कु. खुशबू लोधी पिता उदयभान लोधी ने 491/500 अंक अर्जित कर नौवां स्थान प्राप्त किया।
विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने तीनों मेधावी विद्यार्थियों से फोन पर चर्चा कर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों की इस सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया।
अपने संदेश में विधायक श्री पाठक ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में सफल सभी विद्यार्थियों, उनके गुरुजनों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई। उन्होंने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया, जो अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पड़ाव है, निराश होने की आवश्यकता नहीं है। निरंतर प्रयास और धैर्य से सफलता अवश्य प्राप्त होगी। अंत में विधायक ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।