भीषण गर्मी में नगर परिषद बरगवां-अमलाई की लापरवाही उजागर, वार्ड 7 के पार्षद पवन चीनी ने अपने खर्च से कराया पंप लगवाकर जल समस्या का समाधान

0

 

अनूपपुर । नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 7 में भीषण गर्मी के इस दौर में जहां आमजन पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं लंबे समय से पंप व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतों और सूचनाओं के बावजूद नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

नगर परिषद के अध्यक्ष एवं सीएमओ की उदासीनता के चलते वार्डवासी पानी की समस्या से परेशान रहे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझा।

ऐसी स्थिति में वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद पवन चीनी, जो क्षेत्र में समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते हैं, ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे बढ़कर अपने निजी खर्च से पंप की व्यवस्था करवाई और आम जनता को राहत दिलाई।

पार्षद द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल सराहनीय है, बल्कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। यह पहली बार नहीं है जब पार्षद पवन चीनी ने अपने निजी खर्च से जनहित का कार्य किया हो। इससे पहले भी उन्होंने वार्ड क्रमांक 6 में अपने पैसे से पंप और विद्युत तार की व्यवस्था कराकर पेयजल समस्या का समाधान किया था।

इतना ही नहीं, समय-समय पर वे स्वयं नालियों की सफाई और सफाई व्यवस्था भी अपने स्तर पर करवाते रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जहां एक ओर जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों से विमुख हैं, वहीं जनप्रतिनिधि अपने संसाधनों से जनता की सेवा करने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी कुछ चुनिंदा वार्डों में ही कार्य करवाने तक सीमित हैं, जबकि अन्य वार्डों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

ऐसे में पार्षद पवन चीनी द्वारा किया गया यह कार्य निश्चित रूप से प्रशंसा के योग्य है, लेकिन साथ ही यह नगर परिषद की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिह्न भी खड़ा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed