चाचा-भतीजा गांजा तस्करी में गिरफ्तार, विजयराघवगढ़ पुलिस ने 2.960 किलो गांजा किया जब्त वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, बैग से मिला करीब 35 हजार रुपये कीमत का मादक पदार्थ; बाइक भी जब्त
चाचा-भतीजा गांजा तस्करी में गिरफ्तार, विजयराघवगढ़ पुलिस ने 2.960 किलो गांजा किया जब्त
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, बैग से मिला करीब 35 हजार रुपये कीमत का मादक पदार्थ; बाइक भी जब्त
कटनी/विजयराघवगढ़।। विजयराघवगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा का अवैध परिवहन कर रहे चाचा-भतीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 960 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विजयराघवगढ़ पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को थाना विजयराघवगढ़ पुलिस की टीम आईटीआई विजयराघवगढ़ के तलैया के पास मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। दोनों का व्यवहार संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के पीछे बैठे व्यक्ति के पास मौजूद पिट्ठू बैग की जांच की गई। बैग के अंदर से मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 2 किलो 960 ग्राम गांजा तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में चाचा-भतीजा हैं। आरोपियों की पहचान समयलाल कोल पिता सुखलाल कोल तथा गोविंद प्रसाद कोल पिता प्रेमलाल कोल, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम खिरवा नंबर-1, थाना विजयराघवगढ़ के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि जगदीश प्रसाद पाण्डेय, सउनि विक्रम सिंह, सउनि संतोष स्वामी, आरक्षक 552 अंजनी झा सहित पुलिस टीम एवं स्वतंत्र साक्षी राहगीरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।