वरिष्ठों के आशीर्वाद से विकास की नई इबारत 72 लाख के कार्यों से बदलेगी जालपा देवी और बिरसा मुंडा वार्ड की तस्वीर
वरिष्ठों के आशीर्वाद से विकास की नई इबारत 72 लाख के कार्यों से बदलेगी जालपा देवी और बिरसा मुंडा वार्ड की तस्वीर
कटनी।। नगर पालिक निगम द्वारा शहर के वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जालपा देवी एवं बिरसा मुंडा वार्ड में लगभग 72 लाख रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों की मौजूदगी में विकास की इस नई शुरुआत ने क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि विकास कार्यों की शुरुआत वार्ड के वरिष्ठ नागरिक एवं सम्मानित चिकित्सक डॉ. एल.एन. खंडेलवाल के कर-कमलों से कराई गई। महापौर श्रीमती सूरी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय सम्मान करते हुए कहा कि वरिष्ठजनों का आशीर्वाद किसी भी जनहितकारी कार्य की सबसे बड़ी शक्ति होता है। उनके मार्गदर्शन और शुभकामनाओं के साथ शुरू हुए कार्य निश्चित रूप से क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
जालपा देवी वार्ड क्रमांक 8 में लगभग 65 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत सिंघानिया हाउस से कपिल चौदहा हाउस, डॉ. सम्मुखदास से लच्छू सिंधी हाउस, मदन सुहाने से अंकुर जैन एवं माँ कृपा से पाठक जी के घर तक सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा। साथ ही राकेश कुशवाहा के घर से मौर्य जी के घर तक नाली निर्माण एवं कवरिंग कार्य भी किया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी ने कहा कि नगर निगम लगातार वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर कार्य कर रहा है और इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर आवागमन, स्वच्छता और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना ही प्राथमिक लक्ष्य है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में बिरसा मुंडा वार्ड में खेरमाता मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नन्हीबाई तुलाराम गोटिया की पहल पर लगभग 6.75 लाख रुपये लागत से मंदिर परिसर में चबूतरा मरम्मत, बाउंड्रीवॉल एवं गेट निर्माण कार्य कराया जाएगा। पार्षद श्रीमती गोटिया ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण क्षेत्र की पहचान और नागरिकों की आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए इन स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, पूर्व पार्षद डब्बू रजक, कमलेश चौधरी, मंडल अध्यक्ष संजू गर्ग,डॉ. सुनील दुवेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।