जेब से मोबाइल गायब, खाते से लाखों पार… महिला-बच्चों वाले ठग गिरोह का खुलासा अंतरराज्यीय साइबर गिरोह UPI से उड़ाते थे रकम ……झारखंडी गैंग का भंडाफोड़

0

जेब से मोबाइल गायब, खाते से लाखों पार… महिला-बच्चों वाले ठग गिरोह का खुलासा
अंतरराज्यीय साइबर गिरोह UPI से उड़ाते थे रकम
……झारखंडी गैंग का भंडाफोड़
कटनी।। शहर में मोबाइल चोरी कर खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज जिले से जुड़े गिरोह के दो सदस्यों सहित एक विधि उल्लंघनकारी बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए मोबाइल की सिम दूसरे फोन में लगाकर यूपीआई एक्टिवेट किया जाता था और फिर बैंक खातों से रकम पार कर दी जाती थी। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब चाका निवासी 67 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार परौहा 20 मार्च 2026 को सब्जी मंडी कटनी में खरीदारी करने गए थे। इसी दौरान जेब से उनका मोबाइल चोरी हो गया। बाद में जब उन्होंने दूसरी सिम निकलवाई तो पता चला कि पंजाब नेशनल बैंक खाते से 1 लाख 4 हजार 900 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जा चुके हैं। शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से बैंक ट्रांजेक्शन और यूपीआई गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-5 के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल चोरी कर सिम के जरिए यूपीआई सक्रिय करने और रकम ट्रांसफर करने की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार गिरोह में महिला और बच्चे भी शामिल थे, जो भीड़भाड़ वाले बाजार, रेलवे स्टेशन और मंडियों को निशाना बनाते थे। आरोपी घटना के बाद दूसरे शहरों में चले जाते थे ताकि पुलिस पकड़ से बच सकें। गिरोह ने कटनी के अलावा सतना, मैहर, सागर और जबलपुर में भी ऐसी कई वारदातें करना स्वीकार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सागर कुमार यादव एवं अनीता देवी निवासी साहिबगंज, झारखंड शामिल हैं, जबकि एक 11 वर्षीय बालक को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना और साइबर सेल टीम द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed