शादी के लिए जोड़े थे पैसे, साइबर ठगों ने उड़ाए 2.96 लाख मोबाइल हैक कर खाते से रकम पार करने वाले आरोपी को उत्तराखण्ड से दबोच लाई कोतवाली पुलिस

0

शादी के लिए जोड़े थे पैसे, साइबर ठगों ने उड़ाए 2.96 लाख
मोबाइल हैक कर खाते से रकम पार करने वाले आरोपी को उत्तराखण्ड से दबोच लाई कोतवाली पुलिस
कटनी।। साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली पुलिस और साइबर सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से करीब 2 लाख 96 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तराखण्ड से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी के खाते से रकम अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से पार की थी।
जानकारी के अनुसार मोतीबाग निवासी आशीष गौतम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर पर संचालित फोन-पे के जरिए अज्ञात बदमाशों ने करीब 2.96 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने बताया कि यह रकम उसकी बहन की शादी के लिए जमा की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 269/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बैंक ट्रांजेक्शन और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध खातों और मोबाइल लोकेशन का पता लगाया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने दिल्ली और उत्तराखण्ड में दबिश दी। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने उत्तराखण्ड के उधमसिंह नगर जिले के कौशलपुर क्षेत्र से आरोपी गुरमीत सिंह (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक नवीन नामदेव सहित कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *