मुकेश दुबे अध्यक्ष के प्रयास से गौरेला नगर पालिका को पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्य हेतु 91 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला। नगर पालिका परिषद गौरेला क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 15वें वित्त आयोग अंतर्गत टाइड ग्रांट (पेयजल प्रबंधन घटक) के तहत ओपीवीसी पाइपलाइन विस्तार कार्यों के लिए 91 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
जारी आदेश के अनुसार यह स्वीकृति नगर पालिका परिषद गौरेला द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर दी गई है। इस राशि से नगर के विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार एवं पेयजल सुविधा के विकास कार्य किए जाएंगे।
स्वीकृत कार्यों में मेन रोड से वर्मा के घर तक वार्ड क्रमांक 1, ओवर हेड टैंक से ममता के घर तक वार्ड क्रमांक 1, लोहार के घर से रामायण के घर तक वार्ड क्रमांक 1, डीपूपारा में वार्ड क्रमांक 4, निलेश साहू के घर से चौहान के घर से नया कॉलोनी तक वार्ड क्रमांक 4 तथा भट्टाटोला में वार्ड क्रमांक 11 में पाइपलाइन विस्तार कार्य शामिल हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार 15वें वित्त आयोग अंतर्गत टाइड ग्रांट में वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक कुल 283.89 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है, जिसमें से अब तक 83.15 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी थी। वर्तमान स्वीकृति के बाद शेष राशि 200.74 लाख रुपये बताई गई है।
नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे एवं नगरपालिका परिषद के पार्षदों सहित नगरवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है। उम्मीद जताई है कि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिलेगी और प्रभावित वार्डों में पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।