तखला-टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र में जल्द पूरी होंगी बुनियादी सुविधाएं कलेक्टर ने सड़क, बिजली और पानी के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, 89 भूखंडों में करीब 90% का आवंटन

0

तखला-टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र में जल्द पूरी होंगी बुनियादी सुविधाएं

कलेक्टर ने सड़क, बिजली और पानी के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश, 89 भूखंडों में करीब 90% का आवंटन

कटनी। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में विकसित किए जा रहे तखला-टिकरिया नवीन औद्योगिक क्षेत्र का शनिवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सड़क, विद्युत, पानी सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में जिन उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, उन्हें आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे अपनी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का कार्य प्रारंभ कर सकें। उन्होंने शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

19.52 हेक्टेयर में विकसित हो रहा औद्योगिक क्षेत्र

तखला-टिकरिया में नवीन औद्योगिक क्षेत्र 19.52 हेक्टेयर भूमि में विकसित किया जा रहा है। यहां कुल 89 औद्योगिक भूखंड तैयार किए गए हैं, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। भूखंडों के आवंटन से क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और स्थानीय स्तर पर निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। इसके साथ ही आने वाले समय में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

करीब 12 करोड़ रुपये से विकसित हो रहा आधारभूत ढांचा

औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, विद्युत सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर विकास कार्यों की स्थिति देखी और अधिकारियों से पूर्ण हो चुके तथा शेष कार्यों की जानकारी ली।

महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ज्योति सिंह ने कलेक्टर को विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विद्युतीकरण और लाइट फिटिंग का कार्य तेजी से जारी है और इसे शीघ्र पूर्ण किया जाना है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आवंटित भूखंडों पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का मार्ग सुगम हो सके। विकसित आधारभूत ढांचे के साथ तखला-टिकरिया औद्योगिक क्षेत्र जिले में निवेश और स्थानीय रोजगार को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ज्योति सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed