व्हाट्सएप चैटबॉट से घर बैठे जमा करें नगर निगम के बकाया कर नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम की नई डिजिटल पहल, 15 मार्च से पहले भुगतान की अपील

0

व्हाट्सएप चैटबॉट से घर बैठे जमा करें नगर निगम के बकाया कर
नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम की नई डिजिटल पहल, 15 मार्च से पहले भुगतान की अपील
कटनी। नागरिकों को सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगरीय प्रशासन विभाग के मार्गदर्शन में अब शहरवासियों के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ही नगर निगम के बकाया संपत्ति कर और जल उपभोक्ता प्रभार का सुरक्षित ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। इस सेवा का लाभ लेने के लिए नागरिकों को किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस नई डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए 15 मार्च से पहले अपने बकाया करों का भुगतान सुनिश्चित करें, जिससे राजस्व संग्रह में वृद्धि हो सके और शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके।
व्हाट्सएप पर मिलेगी कर की जानकारी और भुगतान की रसीद
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा अधिकृत व्हाट्सएप नंबर 7552465110 पर मैसेज कर नागरिक चैटबॉट सेवा का उपयोग कर सकते हैं। इस सेवा के माध्यम से नागरिक अपने बकाया कर की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा की विशेषता यह है कि भुगतान करने के बाद उसकी रसीद भी सीधे व्हाट्सएप पर ही उपलब्ध हो जाती है, जिससे नागरिकों को नगर निगम कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उनका समय भी बचता है। यह पहल डिजिटल इंडिया के तहत नागरिक सेवाओं को और अधिक सरल और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
ई-नगर पालिका पोर्टल से भी कर भुगतान की सुविधा इसके अतिरिक्त नागरिक ई-नगर पालिका पोर्टल https://enagarpalika.mp.gov.in⁠ के माध्यम से भी संपत्ति कर और जल उपभोक्ता प्रभार का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। इस पोर्टल के जरिए कर भुगतान की प्रक्रिया को आसान, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है। नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक होने का दायित्व निभाते हुए समय पर अपने करों का भुगतान करें। समय पर कर जमा होने से नगर में विकास कार्यों को गति मिलती है और सड़क, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed