प्रदेश के बाद देश में भी गूंजा उमरिया के ऋषि का नाम, राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान
(जय प्रकाश शर्मा)उमरिया। जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया जब शासकीय प्राथमिक शाला गोवर्दे खैरवार टोला के कक्षा तीसरी के छात्र ऋषि केवट ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अंग्रेजी ओलंपियाड में ऋषि ने पूरे देश में पांचवां स्थान हासिल कर न सिर्फ उमरिया, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है।
महज 8 वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि को हासिल करना ऋषि की लगन, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रमाण है। इससे पहले ऋषि ने ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड में मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसी सफलता के आधार पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
मुंबई में आयोजित प्रतियोगिता में ऋषि ने कक्षा 2, 4 और 5 के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया। एक छोटे से गांव गोवर्दे खैरवार टोला से निकलकर महानगर मुंबई में अपनी पहचान बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि के दौरान ऋषि के साथ उनके शिक्षक विमलेश सोनी और उनकी माता भी मुंबई पहुंचे थे, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की भूमिका भी इस सफलता में महत्वपूर्ण रही है।
ऋषि की इस सफलता पर जिला कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने कहा कि ऋषि जैसे प्रतिभाशाली छात्र जिले के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा हैं।
जिला शिक्षा केंद्र उमरिया के एपीसी के.जी. भट्ट का मार्गदर्शन भी ऋषि की इस उपलब्धि में अहम रहा है। उनके निर्देशन में ही ऋषि को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिला।