बरगी डैम नाव हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता राशि की घोषणा
बरगी डैम नाव हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता राशि की घोषणा
कटनी/जबलपुर।। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। तेज आंधी-तूफान के बीच नाव पलटने से हुई जनहानि को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस दुखद दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं तथा वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। वहीं हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
गौरतलब है कि बरगी डैम में अचानक मौसम बिगड़ने और तेज हवाओं के चलते नाव असंतुलित होकर पलट गई थी। हादसे के बाद से प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों द्वारा युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के साथ आमजन भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

https://x.com/PMOIndia/status/2050112594002989512?s=20