सड़क सुरक्षा की ओर बड़ा कदम, कटनी यातायात पुलिस का हेलमेट जागरूकता एवं लर्निंग लाइसेंस अभियान
सड़क सुरक्षा की ओर बड़ा कदम, कटनी यातायात पुलिस का हेलमेट जागरूकता एवं लर्निंग लाइसेंस अभियान
कटनी।। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से थाना यातायात द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात राहुल पाण्डेय के नेतृत्व में हेलमेट जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशेष लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेश स्तर पर 26 अप्रैल 2026 से संचालित हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में सायना कॉलेज के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और हेलमेट के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए मौके पर ही पंजीकरण कराया गया। यातायात पुलिस की इस डिजिटल पहल के अंतर्गत थाना परिसर में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आवेदक आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इससे लंबी कतारों और अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित क्रम आने पर आवेदक थाना पहुंचकर अपना लर्निंग लाइसेंस बनवा सकेंगे।
विशेष बात यह रही कि छात्राओं के लिए लर्निंग लाइसेंस पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक बेटियां सुरक्षित एवं वैधानिक रूप से वाहन चलाने के लिए प्रेरित हों। शिविर को सफल बनाने में यातायात स्टाफ के राजेश मरावी, दीप कुमार गौतम एवं सुश्री पूजा त्यागी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने विद्यार्थियों की आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
यातायात थाना ने इस अवसर पर संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा हमारा संकल्प है। नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें और हेलमेट अवश्य पहनें।
यह पहल न केवल युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे रही है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता भी बढ़ा रही है।