श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ से गूंजेगा शिवनगर , धर्ममय वातावरण में होगी शिवभक्ति और भागवत रस की वर्षा
श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ से गूंजेगा शिवनगर , धर्ममय वातावरण में होगी शिवभक्ति और भागवत रस की वर्षा
कटनी।। धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति की दिव्य अलख जगाने के उद्देश्य से शहर में आगामी 16 से 22 मई तक शिवलिंग निर्माण महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में परम पूज्य पं. रजनीश शास्त्री जी महाराज ने कहा कि भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाला आध्यात्मिक महायज्ञ है, जो व्यक्ति को ईश्वर से जोड़कर आत्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब मनुष्य तनाव, अशांति और भौतिक दौड़ में उलझता जा रहा है, ऐसे में श्रीमद् भागवत कथा और शिवलिंग निर्माण जैसे पुण्य कार्य समाज में धर्म, संस्कार और सद्भावना का संचार करते हैं। भगवान शिव और श्रीहरि की आराधना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
आयोजकों ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की शुरुआत 15 मई को भव्य शोभायात्रा के साथ होगी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल होकर नगर में धर्मध्वजा फहराएंगे। इसके बाद 16 से 22 मई तक प्रतिदिन प्रातःकाल शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का आयोजन होगा तथा संध्या बेला में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार और भजनों की मधुर ध्वनि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से ओतप्रोत करेगी। पत्रकार वार्ता में समाजसेवी अजय सरावगी, रौनक खंडेलवाल, गुल्लु खम्परिया, संदीप गुप्ता (मंटू), संजू नाकरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सशक्त करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने एवं धर्ममय वातावरण का हिस्सा बनने की अपील की है।