राहगीरी डे में दिखेगा फिटनेस और स्वच्छता का उत्साह, 3 मई को दुबे कॉलोनी मोड़ में होगा भव्य आयोजन

0

राहगीरी डे में दिखेगा फिटनेस और स्वच्छता का उत्साह, 3 मई को दुबे कॉलोनी मोड़ में होगा भव्य आयोजन
कटनी।। नगर निगम द्वारा शहरवासियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार 3 मई को राहगीरी डे का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 7 बजे से 8:30 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत बरही रोड स्थित दुबे कॉलोनी मोड़ से दुर्गा चौक तक आयोजित होगा। नगर निगम प्रशासन के अनुसार राहगीरी डे का उद्देश्य नागरिकों को फिटनेस, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान सड़क को कुछ समय के लिए आम वाहनों से मुक्त रखते हुए लोगों को खुलकर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। कार्यक्रम में योग, जुंबा, म्यूजिकल चेयर, गिटार एवं संगीत प्रस्तुति, ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता, रस्साकशी, चम्मच-नींबू दौड़, लंगड़ी, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, स्केटिंग एवं साइकिल रेस जैसी मनोरंजक और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, रंगोली, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का संदेश दिया जाएगा। हॉर्स राइडिंग भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
नगर निगम द्वारा कार्यक्रम स्थल पर जागरूकता स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को स्वच्छ आदतें अपनाने, प्लास्टिक उपयोग कम करने और नियमित व्यायाम व अनुशासित दिनचर्या को जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
निगम प्रशासन ने शहर के जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में शामिल होकर स्वच्छ और स्वस्थ कटनी के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। नगर निगम का मानना है कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर का सपना साकार हो सकता है और राहगीरी डे इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed