मौत का नशा लेकर घूम रहे थे तस्कर, 2 लाख का 11 किलो गांजा बेचने की साजिश नाकाम जबलपुर के दो आरोपी जेल भेजे गए,शहर में खपाने की थी तैयारी
मौत का नशा लेकर घूम रहे थे तस्कर, 2 लाख का
11 किलो गांजा बेचने की साजिश नाकाम जबलपुर के दो आरोपी जेल भेजे गए,शहर में खपाने की थी तैयारी
कटनी।। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कुठला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 11 किलो 116 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को थाना कुठला पुलिस द्वारा क्षेत्र में भ्रमण एवं शैडो एरिया चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान लमतरा ओवरब्रिज के आगे कच्चे रास्ते पर दो संदिग्ध व्यक्ति पिठ्ठू बैग लेकर पैदल जाते दिखाई दिए। पुलिस ने राहगीर साक्षियों की मौजूदगी में दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कुलदीप गुप्ता निवासी सिविल लाइन जबलपुर तथा आशीष साहू निवासी गोसलपुर जबलपुर बताए। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों के बैगों की तलाशी ली, जिसमें सफेद सेलो टेप से लिपटे 7 पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलने पर उनमें हरे रंग का कलीयुक्त, पत्तीदार एवं बीजयुक्त गांजा पाया गया। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 11 किलो 116 ग्राम गांजा जब्त कर लिया। मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कुलदीप गुप्ता के खिलाफ पहले से दहेज प्रताड़ना एवं आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, एएसआई तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक रामाश्रय सिंह, अजीत मिश्रा, आरक्षक अभय यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।