समय से पहले पूरा हुआ जनगणना कार्य, जिम्मेदारी और समर्पण का बना उदाहरण उत्कृष्ट प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का निगमायुक्त ने किया सम्मान, कहा-जनगणना ही विकास योजनाओं की मजबूत नींव

0

समय से पहले पूरा हुआ जनगणना कार्य, जिम्मेदारी और समर्पण का बना उदाहरण
उत्कृष्ट प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का निगमायुक्त ने किया सम्मान, कहा-जनगणना ही विकास योजनाओं की मजबूत नींव
कटनी।। नगर पालिक निगम में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत हाउस लिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण कार्य को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण कर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले कर्मचारियों को निगमायुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री तपस्या परिहार, आईएएस द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान निगमायुक्त ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को पुष्पगुच्छ एवं पेन भेंट कर उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित समय में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना कर्मचारियों की कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व बोध को दर्शाता है।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। शासन की भावी योजनाएं, विकासात्मक नीतियां और समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाने की रणनीति जनगणना के सटीक आंकड़ों पर ही आधारित होती है। उन्होंने कहा कि सही और प्रमाणिक जानकारी से ही समाज की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकती हैं।
उन्होंने अन्य प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से भी प्रेरणा लेते हुए गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी हुए सम्मानित
जनगणना कार्य के अंतर्गत अपने-अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का कार्य समय से पूर्व पूर्ण करने पर जोन क्रमांक 1 के वार्ड क्रमांक 12 की प्रगणक रीना साहू एवं पर्यवेक्षक सुनील कुमार सिंह, वार्ड क्रमांक 13 की प्रगणक शशि बाला सालोमन एवं पर्यवेक्षक नीरज कुमार दुबे को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार जोन क्रमांक 2 में प्रगणक उमा सिंह एवं पर्यवेक्षक उदयभान सिंह, प्रगणक भगवती वंशकार एवं पर्यवेक्षक अभिषेक बघेल को सम्मानित किया गया। वहीं जोन क्रमांक 3 में प्रगणक सवा बेगम एवं पर्यवेक्षक अनुराग हर्ष तथा प्रगणक सुमित गर्ग एवं पर्यवेक्षक कामिनी दुबे को उत्कृष्ट एवं समयपूर्व कार्य निष्पादन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री एवं जोनल इंचार्ज जनगणना अधिकारी अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, असित खरे, नगर जनगणना अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, मुकेश राजपूत सहित निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed