अतिक्रमण हटते ही खुला रास्ता, नालियों की सफाई का भी बना मार्ग खोवा मंडी सिल्वर टॉकीज रोड में निगम ने हटाए अवैध कब्जे, सड़क हुई व्यवस्थित
अतिक्रमण हटते ही खुला रास्ता, नालियों की सफाई का भी बना मार्ग
खोवा मंडी सिल्वर टॉकीज रोड में निगम ने हटाए अवैध कब्जे, सड़क हुई व्यवस्थित
कटनी।। शहर में सुगम यातायात, बेहतर स्वच्छता और वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खोवा मंडी क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की अतिक्रमण टीम ने सड़क एवं नालियों पर किए गए स्थायी और अस्थायी कब्जों को हटाते हुए क्षेत्र को व्यवस्थित बनाया।
कार्रवाई के दौरान अनाधिकृत रूप से बनाए गए प्लेटफॉर्म, दीवारें, टीन शेड, पट्टियां, तरपाल सहित अन्य अतिक्रमण हटाए गए। अभियान में लगभग 9 दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाकर मार्ग को आमजन के आवागमन के लिए सुगम बनाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि बारिश के समय जल निकासी भी बाधित होती है, जिससे जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा लगातार ऐसे क्षेत्रों में कार्रवाई की जा रही है जहां नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह के अनुसार कार्रवाई से पूर्व संबंधित दुकानदारों को चार दिन पहले ही सूचना देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम अमले ने नियमानुसार अभियान चलाकर कार्रवाई की।
नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्ग, नालियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में सुगम आवागमन और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।