विश्व योग दिवस पर जिला जेल में अनूठी पहल महिला बंदियों के लिए विशेष योग शिविर का शुभारंभ साध्वी जन कल्याण समिति का प्रयास, योग से आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ते कदम
विश्व योग दिवस पर जिला जेल में अनूठी पहल महिला बंदियों के लिए विशेष योग शिविर का शुभारंभ
साध्वी जन कल्याण समिति का प्रयास, योग से आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ते कदम
कटनी।। विश्व योग दिवस के अवसर पर साध्वी जन कल्याण समिति द्वारा जिला जेल में पहली बार महिला बंदियों के लिए विशेष योग शिविर का शुभारंभ किया गया। यह पहल महिला बंदियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। 15 जून से 21 जून तक आयोजित इस विशेष शिविर में महिला बंदियों को नियमित रूप से योग, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। योग प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें तनाव मुक्त जीवन, आत्मनियंत्रण एवं मानसिक सशक्तिकरण का संदेश दिया जा रहा है। शिविर में योग अभ्यास का प्रशिक्षण कामनी वंशकार द्वारा दिया जा रहा है।
साध्वी जन कल्याण समिति की अध्यक्ष साध्वी निगम ने बताया कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य एवं जागरूकता पहुंचाना संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि महिला बंदियों के बीच सकारात्मक सोच, आत्मबल और जीवन में नए संकल्प विकसित करने के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से इस शिविर की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन में जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी, जेल प्रहरी अरविंद कुमार एवं शिक्षिका दीप्ती श्रीवास्तव का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। जिला जेल प्रशासन ने समिति की इस सामाजिक एवं जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। योग शिविर के माध्यम से महिला बंदियों को न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है, बल्कि उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।