रंगनाथ थाना क्षेत्र के मंगलनगर में चाकूबाजी की घटना,युवक पर जानलेवा हमला पुलिस जांच में जुटी
रंगनाथ थाना क्षेत्र के मंगलनगर में चाकूबाजी की घटना,युवक पर जानलेवा हमला पुलिस जांच में जुटी
कटनी।। शहर के रंगनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलनगर इलाके में रविवार को चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। एक युवक पर कथित रूप से चाकू से हमला किए जाने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान कन्हैया गोंड पिता लाल बहादुर गोंड के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक घटना के समय घर की महिलाएं स्नान कर रही थीं। इसी दौरान नशे की हालत में एक युवक घर के पास पहुंचा और कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने लगा। परिवार द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कन्हैया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हमले के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।