20 साल में नहीं बना भदार नदी पर पुल, जनपद सदस्य ने विधायक की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल

0
(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर। भदार नदी पर पुल निर्माण को लेकर जनपद सदस्य रोशनी सिंह ने क्षेत्रीय विधायक और सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रशासन द्वारा हाल ही में किए गए स्थल निरीक्षण का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के जागरूक नागरिकों, ग्रामीणों और पत्रकारों के लगातार प्रयासों का परिणाम है कि वर्षों पुरानी इस जनसमस्या पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है।
रोशनी सिंह ने कहा कि मानपुर विधानसभा क्षेत्र का करीब दो दशक से एक ही जनप्रतिनिधि प्रतिनिधित्व कर रहा है और प्रदेश में भी लंबे समय से भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद भदार नदी पर अब तक पुल का निर्माण नहीं होना क्षेत्रीय विकास पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि यह समस्या वर्षों से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है, लेकिन इसे प्राथमिकता नहीं मिल सकी।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में नदी उफान पर होने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। स्कूली छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित होती है, मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते और गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों सहित ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।
जनपद सदस्य ने कहा कि उनकी राय में विधायक निधि का उपयोग भदार नदी पर पुल जैसी स्थायी जनहित की परियोजना में किया जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि निधि का उपयोग यात्री प्रतीक्षालय और टैंकर जैसी अन्य व्यवस्थाओं पर किया गया, जबकि क्षेत्र की सबसे बड़ी और वर्षों पुरानी समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
रोशनी सिंह ने शासन और प्रशासन से मांग की कि भदार नदी पर पुल निर्माण के प्रस्ताव को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द स्वीकृति दी जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को हर वर्ष बरसात में होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण केवल विकास का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से भी सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!