हरेली पर हरित जीपीएम का संकल्प, जिले में रोपे गए 3.36 लाख से अधिक पौधे प्रभारी मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने की जिला प्रशासन की पहल की सराहना*डोंगरिया में आयोजित हुआ जिला स्तरीय पौधरोपण एवं हरेली उत्सव का भव्य कार्यक्रम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 12 अगस्त 2026/हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरित जीपीएम अभियान के तहत जिले में हरेली तिहार के पावन अवसर पर वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जिले को हरा-भरा बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम चारागाह स्थल डोंगरिया में तथा मंचीय कार्यक्रम एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक कृषि यंत्रों नागर एवं कोपर की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। प्रभारी मंत्री श्री अग्रवाल ने स्वयं पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिले के प्रभारी मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि हरेली के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जनभागीदारी और जनसहयोग से जिले को हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण और हरियाली विस्तार की दिशा में किए जा रहे ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए जिला प्रशासन सहित जिलेवासियों को बधाई दी। विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि हरेली तिहार खुशहाली और सुख-समृद्धि का प्रतीक है। इस अ
वसर पर पौधरोपण के माध्यम से प
र्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रभावी माध्यम है।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने कहा कि हरित जीपीएम अभियान को समाज के सभी वर्गों के सहयोग और सहभागिता से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
कलेक्टर ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए अभियान को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। हरित जीपीएम अभियान के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायतों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, छात्रावास-आश्रमों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं शासकीय कार्यालय परिसरों, गौठानों, चारागाहों, सड़क एवं नदी किनारे, अमृत सरोवरों तथा प्रधानमंत्री आवास परिसरों सहित विभिन्न स्थानों पर 3 लाख 36 हजार से अधिक पौधे रोपित किए गए। इनमें पाम, अशोक, आम, जामुन, अमरूद, नींबू, मुनगा, गुलाब जामुन, कटहल, हर्रा, बहेरा, करंज, आंवला, महुआ, सीताफल एवं बांस सहित विभिन्न वानिकी, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने रोपित पौधों की सुरक्षा, संरक्षण एवं नियमित देखभाल करते हुए उन्हें जीवित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे, जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष श्रीमती जानकी कुशरो, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी श्री निशांत कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, आलोक शुक्ला सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।