हरेली तिहार पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पौधरोपण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार जिले में “हरित जीपीएम” का लक्ष्य निर्धारित कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हरेली तिहार के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, गौरेला में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।
पौधरोपण कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान हरेली तिहार के पारंपरिक महत्व के साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उपेंद्र सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शहाना बेगम, प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका गांधी संगठन छत्तीसगढ़, अजय तिवारी, किसन राठौर, ममता द्विवेदी, हॉस्टल अधीक्षक सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक, विद्यालय की छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हरेली तिहार प्रकृति और खेती-किसानी से जुड़ा छत्तीसगढ़ का प्रमुख लोकपर्व है। इस अवसर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना पर्व की भावना को और सार्थक बनाता है। जिले में चलाए जा रहे “हरित जीपीएम” अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील भी की गई।