मानपुर में कल गूंजेगा हर-हर महादेव, बनेगा पार्थिव शिवलिंग और होगा रुद्राभिषेक

सुबह से शाम तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रसाद
(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर। भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आराधना से सराबोर धार्मिक आयोजन का साक्षी मानपुर नगर सोमवार, 17 अगस्त को बनेगा। पुरानी बाजार स्थित रामलीला मंच में गत वर्षों की परंपरा के अनुसार पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
धार्मिक आयोजन की शुरुआत सुबह 7 बजे से पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रुद्राभिषेक किया जाएगा। दोपहर 3:30 बजे महाआरती होगी, जबकि इसके बाद पार्थिव शिवलिंग का विसर्जन किया जाएगा। शाम 4 बजे से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
समय का रखें विशेष ध्यान
आयोजन समिति ने नगर एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं से निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर समय से पहुंचने की अपील की है, ताकि सभी धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान और निर्धारित समय के अनुसार संपन्न हो सकें।
साथ लेकर आएं पूजन सामग्री
समिति ने श्रद्धालुओं से अपने घर से थाली, लोटा, कोपर एवं श्रीफल साथ लेकर आने का आग्रह किया है। साथ ही पुरुष श्रद्धालुओं से भारतीय परिधान तथा महिला श्रद्धालुओं से लाल अथवा पीले रंग की साड़ी पहनकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का पूजन, पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक में सहभागिता करने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है। समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर भगवान शिव की आराधना का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।