उद्योगपति मदनलाल ग्रोवर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर नीलकंठेश्वर धाम के संचालक एवं समाजसेवी के निधन पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जताया शोक

0

उद्योगपति मदनलाल ग्रोवर का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
नीलकंठेश्वर धाम के संचालक एवं समाजसेवी के निधन पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जताया शोक
कटनी। सिविल लाइन क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक, उद्योगपति एवं समाजसेवी मदनलाल ग्रोवर का शनिवार को नागपुर के मैक्स हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। श्री ग्रोवर पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और नागपुर में उनका उपचार जारी था।
मदनलाल ग्रोवर समाजसेवी एवं उद्योगपति रंजन बाबू ग्रोवर के पिता तथा सलैया पड़खुरी स्थित नीलकंठेश्वर धाम के संचालक थे। धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही। नीलकंठेश्वर धाम के प्रति उनका समर्पण तथा धार्मिक कार्यों में योगदान क्षेत्र में विशेष रूप से स्मरण किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार श्री ग्रोवर की पार्थिव देह शनिवार देर रात तक नागपुर से कटनी पहुंचने की संभावना है। रविवार, 20 सितंबर को सुबह लगभग 11 बजे सिविल लाइन स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार नदी पार स्थित मुक्ति धाम में किया जाएगा।
मदनलाल ग्रोवर के निधन की खबर से कटनी शहर एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके सरल एवं सहज व्यक्तित्व तथा सामाजिक और धार्मिक कार्यों के प्रति समर्पण के कारण वे क्षेत्रवासियों के बीच विशेष सम्मान रखते थे। उनके निधन पर नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोगों ने कहा कि मदनलाल ग्रोवर का स्नेह, मार्गदर्शन और धार्मिक-सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों ने भगवान भोलेनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने जताया शोक
पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भी उद्योगपति मदनलाल ग्रोवर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपनी शोक संवेदना में श्री पाठक ने कहा कि मदनलाल ग्रोवर उनके लिए पिता तुल्य थे और उनका अचानक चले जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है, जिसकी भरपाई कर पाना संभव नहीं है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed