महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना शासन की अहम मंशा : विधायक
महिला स्व.सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से बैंक ऋण का
वितरण कार्यक्रम संपन्न

शहडोल। महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना शासन की अहम मंशा है तथा जनकल्याण और सुराज अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का सपना साकार हो रहा है। अब महिलाएं शून्य से शिखर तक का रास्ता खुद ब खुद तय कर रही हैं और किसी भी कार्य क्षेत्र में महिलाएं किसी से पीछे नहीं है। आजकल की महिलाएं आजीविका समूह के माध्यम से सशक्त व आत्मनिर्भर बन देश में उन्नति एवं प्रगति का मार्ग भी लोगों को सिखा रही हैं तथा शासन की योजनाओं का लाभ की जानकारी भी लोगों तक जन जागरूकता के माध्यम से पहुंचा रही हैं एवं शासन की योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं यह भी बता रही हैं। उक्त उद्गार आज विधायक जयसिंहनगर श्री जयसिंह मरावी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित महिला स्व.सहायता समूह को क्रेडिट लिंक के माध्यम से बैंक ऋण वितरण कार्यक्रम में दिए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जन कल्याण और सुराज अभियान के अंतर्गत शिवपुरी जिले से 20 हजार महिला स्व.सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से 250 करोड़ रूपए का बैंक ऋण का वितरण कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से विधायक जयसिंहनगर जयसिंह मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत निर्देशक शर्मा, जिला प्रबंधक आजीविका मिशन विष्णु कांत विश्वकर्मा, समाजसेवी कमल प्रताप सिंह सहित आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्व.सहायता समूह की महिलाएं ने देखा एवं सुना।
कार्यक्रम में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा गुलाब स्व.सहायता समूह कोटमा को 2 लाख 65 हजार रूपए तथा आरती स्व सहायता समूह उधिया को 1 लाख रुपए का क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से बैंक ऋण का चेक प्रतीक स्वरूप वितरण किया तथा स्व सहायता समूह के सदस्यों से उनके द्वारा तैयार की गई वस्तु तथा व्यापार के संबंध में जानकारी लिया।