राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर महाकौशल प्रांत में 30 नवंबर से प्रारंभ होगा व्यापक गृह संपर्क अभियान, जिले में भी विशेष आयोजन

0

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर महाकौशल प्रांत में 30 नवंबर से प्रारंभ होगा व्यापक गृह संपर्क अभियान, जिले में भी विशेष आयोजन
कटनी।। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर संगठन द्वारा पूरे देश में व्यापक गृह संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महाकौशल प्रांत में भी रविवार, 30 नवंबर से 20 दिसंबर 2025 तक यह अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य संघ के कार्यों व विचारों को समाज के प्रत्येक घर तक पहुंचाना तथा सामाजिक सरोकारों पर संवाद स्थापित करना है। महाकौशल प्रांत के 10 विभागों तथा 34 जिलों में इस व्यापक अभियान की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। अभियान के तहत 23,914 ग्रामों और नगरीय क्षेत्र की 894 बस्तियों में 65 लाख से अधिक परिवारों तक गृह संपर्क किया जाएगा। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी घर संपर्क से वंचित न रहे, प्रत्येक क्षेत्र में 5-5 संघ स्वयंसेवकों तथा विविध क्षेत्रों से जुड़े कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाई गई हैं। विशेष रूप से प्रत्येक टोली में 2 मातृशक्तियों को भी शामिल किया गया है। संपर्क के दौरान प्रत्येक घर में भारत माता का स्टीकर लगाया जाएगा तथा संघ की जानकारी युक्त एक पत्रक भेंट किया जाएगा। इसके साथ ही समाज परिवर्तन की दृष्टि से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आधारित जीवन शैली एवं नागरिक कर्तव्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी संवाद किया जाएगा। अभियान के दौरान साहित्य विक्रय भी किया जाएगा। जिले में भी संघ का व्यापक गृह संपर्क अभियान 30 नवंबर से प्रारंभ होगा। जिले के लगभग साढ़े तीन लाख घरों तक स्वयंसेवक पहुंच करेंगे। इसके लिए कटनी जिले में 98 मंडलों, 947 ग्रामों और 38 बस्तियों को चिह्नित किया गया है। संघ एवं वैचारिक संगठनों के बंधु तथा मातृशक्ति की संयुक्त टोलियां घर-घर जाकर राष्ट्रीय विचार, सामाजिक कर्तव्यों और समरसता का संदेश देंगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह अभियान न केवल संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज की समस्याओं, अपेक्षाओं और विचारों को समझने का भी अवसर प्रदान करेगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वयंसेवकों में उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!