देश और मध्यप्रदेश के जनमानस में अद्भुत बदलाव, अब युवा अपना हिसाब मांग रहा है-जीतू पटवारी कटनी में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का समापन, भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना, बोले—जनता के बीच जाकर तय होगी कांग्रेस की अगली रणनीति अखंड भ्रष्टाचार और प्रशासनिक दुरुपयोग से जनता परेशान —भाजपा पर तीखा हमला
देश और मध्यप्रदेश के जनमानस में अद्भुत बदलाव, अब युवा अपना हिसाब मांग रहा है-जीतू पटवारी
कटनी में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का समापन, भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना, बोले—जनता के बीच जाकर तय होगी कांग्रेस की अगली रणनीति
अखंड भ्रष्टाचार और प्रशासनिक दुरुपयोग से जनता परेशान —भाजपा पर तीखा हमला


कटनी।। कांग्रेस के दो दिवसीय संगठन सृजन अभियान का गुरुवार को कटनी में समापन हुआ। समापन अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र दिया। कार्यक्रम के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में जीतू पटवारी ने केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि देश और मध्यप्रदेश के जनमानस में अद्भुत एवं अकल्पनीय बदलाव आ चुका है तथा देश का युवा अब अपने भविष्य, अधिकार और हिस्सेदारी की मांग कर रहा है।
जीतू पटवारी ने कहा कि देश की राजनीति निर्णायक दौर से गुजर रही है। उनके अनुसार युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के भीतर बदलाव की भावना लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादों पर भरोसा नहीं कर रही, बल्कि जवाबदेही चाहती है और यही बदलाव आने वाले समय की राजनीति की दिशा तय करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में अलीबाबा और चालीस चोर की सरकार चल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अखंड भ्रष्टाचार व्याप्त है तथा शासन-प्रशासन का दुरुपयोग कर जनता के बीच भय और आतंक का वातावरण बनाया जा रहा है। उनका आरोप था कि प्रशासनिक संस्थाओं का इस्तेमाल लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने के लिए किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों का विश्वास व्यवस्था से कमजोर हुआ है।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पटवारी ने दावा किया कि भारत को दुनिया का सबसे बड़ा कर्जदार देश बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक समस्याओं के समाधान के बजाय प्रचार और विज्ञापनों पर अधिक ध्यान दे रही है, जबकि बेरोजगारी, शिक्षा, महंगाई और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव का जनादेश प्रदेश की बदलती राजनीतिक सोच का संकेत है। उनके अनुसार जनता ने मतदान के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि अब जवाबदेह और जनहितकारी राजनीति की अपेक्षा बढ़ रही है।
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस केवल सरकार की आलोचना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करेगी। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में वे प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में रात्रि विश्राम करेंगे, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भावनाओं और जनता की अपेक्षाओं को आत्मसात कर संगठन और आगामी रणनीति से जुड़े निर्णय लिए जाएंगे।

उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का सजगता से उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाला समय युवाओं की भूमिका से तय होगा और कांग्रेस उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।
इससे पूर्व होटल टीजीएस में आयोजित दो दिवसीय संगठन सृजन अभियान के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों तथा पार्टी पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, विचारधारा और जनआंदोलनों पर प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर एआईसीसी प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, मनु मिश्रा, महेंद्र जोशी, प्रमिल मोइत्रा, संजय कामले, ललित सेन, दुर्गेश पटेल, आरिफ खान, नीरज सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशिक्षण शिविर को आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, जनता के बीच निरंतर संवाद बढ़ाने और जनआंदोलनों को गति देने का संकल्प दोहराया।