आश्रम में घुसकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्राम पंचायत तवाडबरा निवासी आसुतोष कुमार उर्फ महंत स्वामी आसुतोष मुनि ने आश्रम/कुटिया में कथित रूप से घुसकर गाली-गलौज, विवाद, अतिक्रमण तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस अधीक्षक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता पिछले करीब एक वर्ष से ग्राम तवाडबरा स्थित अपने आश्रम/कुटिया में निवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे वहां पूजा-पाठ एवं ध्यान-साधना करते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 21 सितंबर 2025 से कुल्लू बेग (महिला) द्वारा उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है तथा आश्रम की कुटिया को लेकर विवाद किया जाता है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 28 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 7 बजे अमित गुर्जर निवासी धनौली, अमर लाल निवासी जलेंश्वर, कुल्ला बेग तथा उसका पति आश्रम/कुटिया में जबरन प्रवेश कर विवाद करने लगे। आवेदन में आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और कुटिया को क्षतिग्रस्त किया गया।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 28 मई 2026 को सुबह करीब 8 बजे शिकायतकर्ता नर्मदा जी की जल साधना के लिए अमरकंटक जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और पकड़ने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने इस घटना का वीडियो होने का भी उल्लेख आवेदन में किया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि कथित घटनाओं के कारण वह स्वयं को भयभीत एवं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भविष्य में किसी गंभीर घटना की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि 30 मई 2026 को थाना गौरेला में घटना की सूचना दी गई थी, लेकिन उनके अनुसार अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने तथा थाना गौरेला को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। आवेदन के साथ कथित विवादित भूमि की छायाप्रति एवं पूर्व में दिए गए आवेदन की छायाप्रति संलग्न किए जाने का उल्लेख है।
हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।