बाउंड्रीवॉल गिरने से छात्र की मौत पर उबाल, दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद का चक्काजाम

0

बाउंड्रीवॉल गिरने से छात्र की मौत पर उबाल, दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद का चक्काजाम
कटनी। जनपद क्षेत्र के अंतर्गत बम्हंगवा शासकीय स्कूल परिसर में बाउंड्रीवॉल गिरने से छात्र राजकुमार बर्मन की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एबीवीपी ने दोषी शिक्षा विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई, मृतक छात्र के परिजनों को उचित मुआवजा तथा जर्जर स्कूल भवनों की तत्काल जांच व मरम्मत की मांग को लेकर कटनी–विजयराघवगढ़ मार्ग पर चक्काजाम किया।
चक्काजाम राजा सरयू प्रसाद सिंह मेमोरियल हॉस्पिटल के सामने किया गया, जिससे व्यस्ततम मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति संभालने के लिए विजयराघवगढ़ पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान थाना प्रभारी रितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छात्र-छात्राओं को समझाइश दी गई। संवाद के बाद चक्काजाम पूरी तरह खुलवाया गया। एबीवीपी के जिला संयोजक तरुण पांडे ने बताया कि इस हृदयविदारक घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, विद्यालय में पदस्थ जिम्मेदार शिक्षकों/अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो और मृतक छात्र के परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। साथ ही कटनी जिले के सभी जर्जर शैक्षणिक संस्थानों की तत्काल जांच कर मरम्मत सुनिश्चित की जाए। मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम विवेक गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एबीवीपी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता—अनुज परिहार, पुनीत तिवारी, सुब्रत जैन, शिवांग दुबे, ऋषभ त्रिपाठी, संजय कुशवाहा, अभिषेक सेन, सिद्धू चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed