पेंड्रा नगरपालिका के विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ की स्वीकृति,नपाध्यक्ष राकेश जालान ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव का जताया आभार
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- नगर पालिका परिषद पेंड्रा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 1 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृति के बाद नगर के विभिन्न वार्डों में फुटपाथ निर्माण के साथ पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।
जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार कुल चार कार्यों को मंजूरी मिली है। इसमें वार्ड क्रमांक 12 में स्वामी पुल रोड में फुटपाथ निर्माण के लिए 10.67 लाख, वार्ड क्रमांक 12 में दुर्गा मंदिर से को-ऑपरेटिव बैंक तक फुटपाथ निर्माण के लिए 25.60 लाख ,शुभलाभ से दुर्गा मंदिर तक फुटपाथ निर्माण के लिए 22.19 लाख तथा तेंदुपारा वार्ड क्रमांक 02 में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 41.72 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस तरह कुल 100.18 लाख, यानी लगभग 1 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।
नपाध्यक्ष राकेश जालान ने जताया आभार
नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। राकेश जालान ने कहा कि इस महत्वपूर्ण स्वीकृति से पेंड्रा नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पेंड्रा नगर के विकास के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव का सहयोग एवं मार्गदर्शन सदैव अपेक्षित है।
उन्होंने कहा कि नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद लगातार प्रयासरत है।