राकेश जालान के नेतृत्व में केसरवानी समाज की मांग पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने समाज भवन हेतु 20 लाख रुपये की स्वीकृति दी
पेंड्रा-नगरपालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब पेंड्रा द्वारा पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर आयोजित धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल की जानकारी देते हुए प्रेस क्लब द्वारा जारी ज्ञापन उपमुख्यमंत्री को सौंपा तथा पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
राकेश जालान ने कहा कि पेंड्रा नगरवासियों की वर्षों पुरानी बाईपास निर्माण की मांग पूरी होने से नगर में यातायात का दबाव कम होगा और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस विषय पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नगरपालिका परिषद पेंड्रा के उपाध्यक्ष शरद गुप्ता भी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत राकेश जालान के नेतृत्व में केसरवानी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव से केसरवानी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण हेतु आर्थिक सहायता की मांग की। प्रतिनिधिमंडल की मांग पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने तत्काल 20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की, जिस पर समाज के पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर केसरवानी समाज के जिला अध्यक्ष हरवंस गुप्ता, राजकुमार केसरी, देवनारायण केसरी, सिद्धार्थ गुप्ता सहित समाज के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नगरपालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग पर सकारात्मक आश्वासन तथा केसरवानी समाज भवन के लिए 20 लाख रुपये की तत्काल स्वीकृति क्षेत्र के विकास और समाज के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय होंगे।