केन-बेतवा परियोजना को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन आदिवासी एवं किसान परिवारों के समर्थन में राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, जीतू पटवारी सहित कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग
केन-बेतवा परियोजना को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
आदिवासी एवं किसान परिवारों के समर्थन में राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, जीतू पटवारी सहित कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण वापस लेने की मांग
कटनी।। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी एवं किसान परिवारों के समर्थन में प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस नेताओं ने परियोजना से प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा की मांग करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Jitu Patwari सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरणों को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि आदिवासी एवं किसान परिवार लंबे समय से अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज उठाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, आदिवासियों एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि Jitu Patwari सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। यदि शीघ्र प्रकरण वापस नहीं लिए गए तो जिला कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। जिला कांग्रेस अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ शहर अध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से आदिवासी परिवारों के सामने जल, जंगल एवं जमीन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत है और कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ ग्रामीण अध्यक्ष ओमकार सिंह तेकाम ने कहा कि प्रभावित परिवारों को बिना उचित पुनर्वास और मुआवजे के विस्थापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से आदिवासी एवं किसान परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में अजय कोल, ओमकार सिंह तेकाम, एड. अमित शुक्ला, रंजीत सिंह, राजेश जाटव, आफताब अहमद, मंगल सिंह, संजय गुप्ता, श्याम यादव, विकास निगम, रमेश मिश्रा, रमेश अहिरवार, विनोद अहिरवार, शैलेश जायसवाल, अंशुल राजपूत, नीरज अहिरवार, शरद खटीक, मनीष पटेल, पवन साहू, हर्षित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।