भीषण गर्मी में प्यासे वार्ड को पार्षद ने दी राहत, नगर परिषद की लापरवाही फिर आई सामने

0
अनूपपुर।भीषण गर्मी के बीच नगर परिषद बरगवां-अमलाई की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है। वार्ड क्रमांक 7 में लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को आखिरकार राहत प्रशासन से नहीं, बल्कि उनके पार्षद से मिली।
वार्डवासियों के अनुसार पानी की समस्या को लेकर कई बार शिकायतें और सूचनाएं नगर परिषद तक पहुंचाई गईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। हालात यह रहे कि भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होते रहे, लेकिन परिषद के अध्यक्ष और सीएमओ ने स्थिति का जायजा लेना भी जरूरी नहीं समझा।
जब समस्या लगातार बनी रही, तब वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद पवन चीनी ने खुद पहल की। उन्होंने अपने निजी खर्च से पंप लगवाकर पेयजल की व्यवस्था कराई, जिससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पार्षद पहल नहीं करते तो हालात और भी बदतर हो सकते थे। पवन चीनी इससे पहले भी वार्ड क्रमांक 6 में अपने खर्च से पंप और बिजली के तार लगवाकर पानी की समस्या का समाधान कर चुके हैं। इसके अलावा वे समय-समय पर वार्डों में सफाई व्यवस्था भी अपने स्तर पर करवाते रहे हैं।
इस पूरे मामले ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि परिषद के जिम्मेदार अधिकारी केवल कुछ चुनिंदा वार्डों तक ही सीमित हैं, जबकि अन्य वार्डों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
हैरानी की बात यह भी है कि बीते तीन वर्षों में परिषद अध्यक्ष द्वारा किसी भी वार्ड का दौरा नहीं किया गया है, जिससे जमीनी समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
ऐसे में पार्षद द्वारा किया गया यह प्रयास जहां एक ओर सराहनीय है, वहीं दूसरी ओर यह नगर परिषद की निष्क्रियता की पोल भी खोलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed